लूटपाट व ब्लैकमेल करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
-लडक़ी के साथ बनाई थी अश्लील वीडिया, वायरल करने की भी दी थी धमकी
कैथल, 08 अगस्त। पुलिस ने कबाड़ी का सामान बेचने के बहाने बुलाकर मारपीट, लूटपाट, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में गांव बालू निवासी अशोक को गिरफ्तार किया है। गांव मटौर निवासी सोनू ने शिकायत दी कि गांव में उसकी कबाड़ी की दुकान है। 24 मई को उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें एक महिला ने कबाड़ी का सामान बेचने के बहाने कैथल बुलाया। महिला के कहने पर वह बाइक से कैथल के चीका चौक पहुंचा, जहां वही महिला उसे मिली और अपने घर पर सामान दिखाने के बहाने ले गई। घर के अंदर जाते ही कमरे में पहले से मौजूद एक लडक़ी, एक महिला, 4 लडक़े और एक बुजुर्ग ने उसे कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। उसकी जेब से 10 हजार रुपये भी निकाल लिए और जबरन 40 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से ट्रांसफर करवा लिए। जब उसने फोन का लॉक खोलने से इंकार किया तो आरोपियों ने एक लडक़ी के साथ उसकी अश्लील वीडियो और फोटो बना ली तथा उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। जिसके बाद उन्होंने उसे किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए छोड़ दिया। जिस बारे थाना शहर में मामला दर्ज किया गया। आरोपी शुक्रवार को अदालत में पेश कर व्यापक पुछताछ के लिए 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
