कनाडा भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी आरोपी काबू

विदेश भेजने के सब्जबाग दिखाकर आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों पर एसपी आस्था मोदी के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसे ही कनाडा भेजने के नाम पर दंपती से 7 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआई दर्शन सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव मटौर निवासी सत्यवान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव मटौर निवासी फूल सिंह कि शिकायत अनुसार वह अपने बेटे और बहू को विदेश भेजना चाहता था। इस संबंध में अप्रैल माह में गांव के ही सत्यवान, संजय और उसकी पत्नी परमजीत कौर से बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि वे उसके पुत्र और पुत्रवधू को विदेश भेज देंगे। इस पर उसने सहमति दे दी। इसके बाद आरोपियों ने अप्रैल से जून माह तक अलग-अलग समय में उससे 7 लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों को जल्द विदेश भेज दिया जाएगा। लेकिन आरोपियों ने उन्हें कनाडा भेजने के बजाय उसके बेटे व पुत्रवधु को मलेशिया भेज दिया और जल्द आगे भेजने की बात कही। काफी इंतजार के बाद भी जब उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया तो उसने तीनों से बातचीत की। इस पर आरोपियों ने पहले तो उसके बेटे और बहू को जल्द विदेश भेजने का आश्वासन देते रहे, लेकिन बाद में मना कर दिया। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उन्होंने रुपये देने से भी इन्कार कर दिया और धमकियां देने लगे। इस तरह आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की। जिस बारे थाना कलायत में मामला दर्ज कर लिया गया। आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *