कैथल में एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें: डीसी
डीसी अपराजिता ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। आमजन गैस की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की पैनिक स्थिति न बनाएं। उन्होंने बताया कि जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार जिले में गैस आपूर्ति और वितरण की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। सभी 20 गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। आंकड़ों के मुताबिक आज सुबह जिले में 4,769 सिलेंडर स्टॉक में मौजूद थे, जबकि दिन के दौरान 5,628 नए सिलेंडर प्राप्त हुए। इसी अवधि में उपभोक्ताओं को 6,368 सिलेंडरों का वितरण किया गया, जिसके बाद भी 4,029 सिलेंडर शेष स्टॉक के रूप में उपलब्ध हैं। इसके अलावा जिले के 10,735 पीएनजी उपभोक्ताओं को भी नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है, जिससे स्पष्ट है कि आपूर्ति प्रणाली सुचारू रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही गैस की खरीद करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिल सके। विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा अस्पतालों, रिहायशी शिक्षण संस्थानों और लड़कियों के विवाह जैसे कार्यों के लिए व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की विशेष व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक, कैथल के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन ने दोहराया कि जिले में गैस की कोई किल्लत नहीं है और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारू बनी हुई है।
