तीन मई को होगी नीट की परीक्षा, 1841 बच्चों के लिए जिले में स्थापित किए पांच परीक्षा केंद्र

डीसी अपराजिता ने कहा कि आगामी तीन मई को एनईईटी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन में 1841 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल रहित तरीके से संपन्न करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जारी सभी हिदायतों का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। डीसी अपराजिता शुक्रवार को लघु सचिवालय के वीडियो कांफ्रेंस रूम में संबंधित विभागों के अधिकारियों और परीक्षा केंद्र अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थीं। इससे पूर्व हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए। वीसी के बाद डीसी अपराजिता ने कहा कि इस परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ आयोजित करवाए जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। साथ ही, केंद्रों पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्रों की गहन जांच की जाए। नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों की निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। एसपी मनप्रीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए और कहा कि तलाशी आदि लेते समय नियमों का पालन किया जाए। परीक्षा केंद्रों में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश न हो पाए। साथ ही मोबाइल आदि के प्रयोग के लिए जो भी निर्देश जारी किए गए हैं, उनका सख्ती से पालन किया जाए। इस अवसर पर एडीसी सुशील कुमार, जिला  शिक्षा अधिकारी सुभाष सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। 

समय का रखें विशेष ध्यान

डीसी ने बताया कि परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। सुबह 11 बजे से प्रवेश शुरू हो जाएगा और केंद्र में प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है। उन्होंने परीक्षार्थियों का आह्वान किया कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र में पहुंचें। ताकि परीक्षा से पहले की बायोमेट्रिक उपस्थिति एवं अन्य जांच प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें। देर होने पर परीक्षार्थियों को अवांछित स्थितियों का सामना न करना पड़े।

यहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र

जिले में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कमेटी चौक कैथल, पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल तितरम कैथल, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा कैथल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नजदीक गीता मंदिर कैथल तथा डा. भीम राव अंबेडकर राजकीय कालेज गांव जगदीशपुरा कैथल शामिल है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *