दंपति को कनाडा भेजने के नाम पर लाखो रुपये ठगी मामले में आरोपी गिरफ्तार
विदेश भेजने के सब्जबाग दिखाकर आमजन से लाखों रुपए ठगी करने वाले आरोपियों पर एसपी उपासना के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसे ही एक दंपति को कनाडा भेजने के नाम पर लाखों रुपए ठगी करने के एक मामले की जांच इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एएसआई सुरेंद्र सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी जिला जींद के गांव बराह खुर्द निवासी विजेंद्र को काबु कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया डेरा दाबन सीवन निवासी गुरशरण कौर की शिकायत की शिकायत अनुसार करीब दो वर्ष पहले सीवन निवासी विजेन्द्र ने उसे बताया कि वह एक एजेंट को जानता है जो उसका और उसके पति का कनाडा का वीजा लगवा सकता है। इसके बाद बिजेन्द्र ने उनसे सभी दस्तावेज लेकर पानीपत निवासी एजेंट रवि राणा से संपर्क करवाया और कहा कि वीजा लगने के बाद करीब 20 लाख रुपये खर्च आएगा। कुछ समय बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके पति को वीजा लगने की बात कहकर नकली स्टीकर वीजा दे दिया। इसके बाद विजेन्द्र ने टिकट करवाने के नाम पर पहले 2 लाख 60 हजार रुपये अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे करीब 15 लाख रुपये नकद व ऑनलाइन माध्यम से ले लिए। बाद में आरोपियों ने टिकट कैंसिल होने की बात कहकर कलायत निवासी एजेंट उमरपाल का नंबर दिया। उमरपाल ने भी टिकट करवाने का झांसा देकर शिकायतकर्ता से करीब 5 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए तथा 1 जून 2024 को फ्लाइट होने की बात कही। जब शिकायतकर्ता अपने पति के साथ फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो जांच के दौरान पता चला कि उन्हें दिया गया वीजा पूरी तरह से फर्जी है। जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों से अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया तथा धमकियां देने लगे। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने पैसे वापस दिलाने का झांसा देकर धोखे से उसकी जमीन भी रवि राणा के नाम करवा ली, लेकिन इसके बावजूद न तो पैसे लौटाए और न ही जमीन वापस की। जिस बारे थाना सीवन में मामला दर्ज किया गया। आरोपी का व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से 2 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
