खरीद एवं उठान प्रक्रिया में तेजी लाएं अधिकारी : डीसी
डीसी अपराजिता ने कहा कि खरीद सीजन से जुड़े सभी अधिकारी खरीद एवं उठान प्रक्रिया में तेजी लाएं। मंडियों में पड़े रेडी टू लिफ्ट फसल का समयबद्ध उठान सुनिश्चित किया जाए। अब सीजन का पीक चल रहा है, जिसकी वजह से आवक अधिक है, इसलिए परिवहन और भंडारण की व्यवस्था मजबूत रखें। किसी भी मंडी में जगह की कमी नहीं होनी चाहिए। सुनिश्चित करें कि किसानों को मंडी में अपनी फसल उतारने में और उसको बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं न आए। डीसी अपराजिता बुधवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम में खरीद सीजन को लेकर अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दे रहीं थीं। इससे पहले मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने भी प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से खरीद सीजन की समीक्षा की। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी एजेंसियां ट्रांसपोर्टरों की सूची साझा करें और वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उठान के बाद गोदामों में अनलोडिंग प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि ट्रक जल्द खाली होकर दोबारा मंडियों में पहुंच सकें। इसी प्रकार किसी भी मंडी में बारदाने की कमी नहीं आनी चाहिए। अनाज की गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग स्टैकिंग की जाए। डीसी ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर आ रही तकनीकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि यदि पोर्टल में किसी प्रकार की दिक्कत आती है, तो उस दौरान मैनुअल तरीके से आउट गेट पास जारी किए जाएं। किसानों के पंजीकरण और डेटा वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि किसी किसान का गेट पास लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी वाहन से अपनी फसल मंडी में ला सकता है। यदि वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध नहीं है, तो वाहन की फोटो लेकर एंट्री की जाए। किसी भी स्तर पर किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए, यह सभी अधिकारी सुनिश्चित करें। डीसी अपराजिता ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता किसानों को सुचारु और पारदर्शी खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराना है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगले कुछ दिन खरीद प्रक्रिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उठान, भंडारण और परिवहन की दैनिक समीक्षा की जाए। इस अवसर डीएफएससी वरिंद्र सिंह, हैफेड डीएम अनूप सिंह, डीएमईओ अभिनव वालिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
