16 अप्रैल से शुरू होगा तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर
आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग द्वारा तैयारियां तेज शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में वीरवार 16 अप्रैल से जिला स्तर पर आयुष योग सहायकों के लिए तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा, जोकि 18 अप्रैल तक चलेगा। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि इसमें जिला नागरिक अस्पताल, कैथल के अनुभवी योग विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक आधार पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान योगासन एवं प्राणायाम की सही तकनीक, उनके शारीरिक व मानसिक लाभ तथा अभ्यास के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। डॉ. दहिया ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आयुष विभाग में कार्यरत योग सहायकों को निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुरूप दक्ष बनाना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योग को प्रभावी ढंग से प्रचारित कर सकें। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये सहायक विभिन्न योग व्यायामशालाओं, सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में जाकर लोगों को योग का प्रशिक्षण देंगे और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जिले में योग गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और योग को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य साकार होगा।
