धनौरी में बनने वाले राजकीय कॉलेज के लिए जमीन को मिली मंजूरी

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

कैथल खबर (19 मार्च) मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने गांव धनौरी में राजकीय महिला महाविद्यालय के लिए जमीन के हस्तांतरण को मंजूरी दे दी है। पंचायत की 72 कनाल 10 मरले भूमि को कॉलेज के नाम हस्तांतरित कर दिया गया है। जिससे अब कॉलेज निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सकेगा। यहां महिला कॉलेज बनने से गांव धनौरी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में बेटियों को उच्च शिक्षा हासिल करने में काफी सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बेटियों की शिक्षा के लिए सरकार लगातार बड़े फैसले ले रही है। 

मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गांव में कॉलेज की मंजूरी दी थी। इसके बाद से ही कॉलेज निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा रही है। राजकीय महिला कॉलेज बनने से इस क्षेत्र की लड़कियां अपने नजदीकी क्षेत्र में उच्चतर शिक्षा ग्रहण कर पाएंगी, उन्हें दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। लड़कियां शिक्षा प्राप्त करके अपने क्षेत्र का ही नहीं, बल्कि अपने जिले, राज्य व देश का नाम रोशन करेगी। शिक्षा का जीवन में बहुत महत्व है, जिसको प्राप्त करके व्यक्तिगत विकास, सामाजिक, आर्थिक विकास होता है। शिक्षित होने पर न केवल उनका जीवन संवारता है, बल्कि समाज और देश के विकास में भी योगदान होता है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए हम सबको आगे आने होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में एक समान विकास कार्य करवा रहे हैं। किसी भी क्षेत्र के साथ कोई भी भेदभाव नहीं किया जाता। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। हरियाणा सरकार सड़कें, बिजली, पेयजल, सामुदायिक भवन व अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रदान कर रही है। प्रदेश में अनेक महिला महाविद्यालय खोले जा रहे हैं, ताकि उन क्षेत्रों की लड़कियां पढ़ लिखकर आत्मनिर्भर बन सके।

दूसरी ओर गांव धनौरी के गणमान्य लोगों ने भी मंत्री कृष्ण बेदी का आभार जताया और कहा कि उनके प्रयासों से कॉलेज के लिए जमीन का हस्तांतरण हो गया है। अब जल्द कॉलेज निर्माण शुरू करवाया जा सकेगा। गांव के लोगों ने मंत्री श्री कृष्ण बेदी के प्रयासों की सराहना की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *