एसपी उपासना ने बेहतरीन कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित
जिला कैथल में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, तकनीकी माध्यमों से कई अहम अपराधिक वारदातों को सुलझाने तथा आमजन के गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाली साइबर सेल पुलिस टीम को आज पुलिस अधीक्षक उपासना द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिसमें साइबर सैल इंचार्ज एएसआई राकेश कुमार, एएसआई रणदीप, एचसी दीपक, एचसी अरुण, एचसी सुरेंद्र, सिपाही अनिल तथा सिपाही मोनू शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक उपासना ने साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में अपराध के तरीके तेजी से बदल रहे हैं, ऐसे में तकनीकी ज्ञान और साइबर विशेषज्ञता पुलिसिंग का एक अहम हिस्सा बन चुकी है। साइबर सेल टीम ने आधुनिक तकनीकों, डिजिटल सर्विलांस और सूचनाओं के विश्लेषण के माध्यम से न केवल कई जटिल आपराधिक मामलों का सफल खुलासा किया, बल्कि आमजन के खोए हुए सैकड़ों मोबाइल फोन ढूंढकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाकर पुलिस के प्रति लोगों के विश्वास को और मजबूत किया है। एसपी उपासना ने कहा कि साइबर सेल की यह उपलब्धियां पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम हैं। उन्होंने टीम को इसी प्रकार लगन और ईमानदारी से कार्य करते हुए साइबर अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए। सम्मान प्राप्त करने वाली साइबर सेल टीम के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी अपराधों की रोकथाम और आमजन की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
