सुरजेवाला ने किया ढांड मंडी का दौरा, बोले…
ढांड, 27 सितंबर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज कैथल जिले की ढांड अनाजमंडी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत को मंडियों में लूटा जा रहा है, बाढ़ का 50 लाख एकड़ नुकसान मुआवजे के बिना सड़ रहा है, और गेहूं बुआई के लिए डीएपी खाद की कालाबाजारी चरम पर है। मंडियों में ना तो किसानों को एमएसपी मूल्य मिल रहा है और ना ही उसकी फसल बिक रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले सैनी ने बड़े-बड़े जुमले उछाले कि धान का एक-एक दाना खरीदेंगे। लेकिन हकीकत में 10 जिलों की मंडियों में 5 लाख मीट्रिक टन धान पड़ा सड़ रहा है। छह जिलों में तो खरीद शुरू ही नहीं हुई, और बाकी जगहों पर एमएसपी पर खरीद न के बराबर।
भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री नायब सैनी से रणदीप सुरजेवाला ने मांग की कि किसान का धान 2369 रुपये प्रति क्विंटल और बाजरा 2775 प्रति क्विंटल पर एक-एक दाना खरीदा जाए। निर्यात बाधाओं के चलते 1509, 1121 आदि किस्मों पर भी 3,500 रुपये प्रति क्विंटल की वन टाइम खरीद की जाए।
