कंडक्टर को पीटने वाले दो युवक गिरफ्तार

हरियाणा रोडवेज कैथल डिपो के परिचालक से मारपीट करने के मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा 2 आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा रोडवेज कैथल डिपो के परिचालक सुभाष द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार 29 नवंबर 2025 को वह अपनी ड्यूटी पूरी करके करनाल से कैथल बस स्टैंड पहुंचे ही थे कि तभी अचानक तेजधार हथियारों से लैस दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं, वर्दी फाड़ दी गई तथा उनका सरकारी कैश लेकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में रोडवेज कर्मियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि दो महीने पहले भी यही युवक उन पर हमला कर चुके हैं। जिस बारे थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच थाना सिविल लाइन पुलिस के एसआई कुलदीप की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव दुब्बल निवासी राममेहर तथा नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ दौरान खुलासा हुआ कि करीब दो महीने पहले वे कैथल से अपने गांव जाने वाली बस छूट जाने के कारण लिफ्ट लेकर बस के पीछे पहुंचे थे। उन्होंने बस रुकवाने की कोशिश की लेकिन ड्राइवर ने बस नहीं रोकी। बाद में चीका बाईपास पर बस रुकने पर उनकी ड्राइवर व कंडक्टर सुभाष उपरोक्त से कहासुनी और मारपीट हो गई थी, जिसका बाद में आपसी समझौता हो गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 नवंबर को वे कुरुक्षेत्र जाने के लिए कैथल बस अड्डे पर पहुंचे थे, जहां उनकी परिचालक सुभाष के साथ फिर से कहासुनी हो गई। पुरानी रंजिश के चलते दोनों ने गुस्से में आकर परिचालक पर हमला कर दिया। दोनो आरोपी शनिवार को अदालत में पेश किए जाएंगे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *