बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर एक्शन, 58 चालान काटे, 53 वाहन इंपाउंड

जिला पुलिस द्वारा ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में जिलेभर में बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर व्यापक स्तर पर नाकाबंदी कर वाहन जांच की गई, जिसके दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट चल रहे कुल 58 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर 53 वाहनों को इंपाउंड भी किया गया। पुलिस टीमों द्वारा शहर के मुख्य चौक-चौराहों, बाजारों, हाईवे मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान ऐसे वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई जो बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट अथवा नियमों के विपरीत मॉडिफिकेशन कर वाहन चला रहे थे। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि इससे आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। कई बार अपराधी तत्व पहचान छिपाने के उद्देश्य से बिना नंबर प्लेट वाहनों का प्रयोग करते हैं, जिस कारण ऐसे वाहनों के खिलाफ जिला पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। एसपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन चालक अपने वाहनों पर निर्धारित नियमों के अनुसार स्पष्ट नंबर प्लेट लगवाए तथा किसी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न करवाएं। इसके अलावा प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, फैंसी नंबर प्लेट एवं अन्य गैरकानूनी उपकरणों का प्रयोग करने से बचें। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने से न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आती है बल्कि आमजन की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *