अमेरिका भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, 2 आरोपी काबू
पकड़े गए ठगी के आरोपी पुलिस टीम के साथ।
कैथल खबर (8 फरवरी) : विदेश भेजने के सपने दिखाकर आमजन से लाखों रुपए धोखाधड़ी करने वालों पर इकनॉमिक सैल द्वारा अलग-अलग मामलों में 2 आरोपियों को काबू किया गया। पहला मामला गांव हरनामपुरा जिला जींद निवासी प्रतीक की शिकायत पर दर्ज हुआ। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने ताऊ राजेश के साथ जाकर गांव बादड़ जिला पानीपत निवासी रोहताश से बातचीत की। रोहताश ने उसको अमेरिका भेजने के लिए 38 लाख रुपये में बात तय हुई। इस पर आरोपी रोहताश ने उनके परिवारजनों से उसके दस्तावेज ले लिए। 17 जनवरी को रोहताश ने उसे दिल्ली से दुबई भिजवा दिया और 10 दिन बाद दुबई से नेपाल भिजवा दिया। 7 फरवरी को नेपाल में उसके पास आरोपी रोहताश द्वारा भेजा आदमी आया और उसका पासपोर्ट ले लिया। उसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर वहां से उसका अपहरण करवा दिया और जबरदस्ती घर पर संदेश भिजवाया कि वह मैक्सिको पहुंच गया है। आरोपियों ने उसके घर फोन किया कि आपका बेटा अमेरिका पहुंच गया है। यह कहकर आरोपियों ने उसके परिवार के सदस्यों को क्योडक के पास बुलाया। उसके परिवार ने आरोपियों को 35 लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने उसके साथ-साथ अन्य कई लडकों को भी नेपाल में बंधक बनाकर रखा हुआ था। बाद में नेपाल की पुलिस ने उनको बचाया और 24 फरवरी को वह अपने घर पर पहुंचा। यहां आने के बाद जब उन्होंने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो रोहताश ने केवल 99 हजार रुपये वापस दिए। बाकी रुपये मांगने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। रोहताश के साथ गाव डोहर निवासी प्रवीन, अशोक, ईश्वर व गांव बकनौर जिला अंबाला निवासी बजिंद्र भी मिले हुए थे। पांचों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। जिस बारे थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया उक्त मामले की जांच इकनॉमिक सैल प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान की अगुवाई में एएसआई मनोज कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी जिला करनाल के गांव भोला खालसा निवासी अशोक को काबू कर लिया गया।
दूसरे मामले में गांव अटेला निवासी सज्जन कुमार की शिकायत अनुसार फ्यूचर हाइट इमिग्रेशन पॉइंट कैथल के संचालक मोहित, गांव ढाचर निवासी कर्ण व क्योडक़ निवासी अमित युवाओं को विदेश भेजने का काम करते हैं। वह अपने पोते देवेंद्र कुमार को अमेरिका भेजने के लिए आरोपियों से उनके कार्यालय में मिला। आरोपियों ने उसके पौते को विदेश भेजने के लिए 45 लाख रुपये मांगे और कहा कि पहले 10 लाख रुपये व पोते के जरूरी दस्तावेज जमा करवा दें। आठ सितंबर 2023 उन्होंने रुपये व दस्तावेज ले लिए। उसके बाद और रुपये देने के लिए कहने लगे। बाद में उन्होंने उससे अलग-अलग समय में कुल 16 लाख 51 हजार रुपये ले लिए। उसके बाद भी आरोपियों ने उसके पौते को विदेश नहीं भेजा। उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उनको जान से मारने की धमकी दी गई। जिस बारे थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच इकनॉमिक सैल के पीएसआई संदीप कुमार की टीम द्वारा करते आरोपी अशोका कालोनी कैथल निवासी मोहित को गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त दोनो आरोपी शनिवार को न्यायालय में पेश किए जाएंगे, जिनसे पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।
