कैथल पहुंची महिला आयोग की चेयरमैन रेणू भाटिया, 25 केसों की सुनवाई की
हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने आज कैथल में महिलाओं की समस्याओं को सुनने के लिए एक दरबार आयोजित किया। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया जींद एसपी से जुड़े मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले की जांच पूरी हाे चुकी है। भाटिया ने बताया कि इस मामले में पुलिस कमेटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है। रेनू भाटिया ने बताया कि इस मामले में डीजीपी की रिपोर्ट का इंतजार है। यह रिपोर्ट जल्द ही पुलिस की टीम की ओर से महिला आयोग को सौंपी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि अध्यक्ष रेणु भाटिया वीरवार को जिला परिषद परिसर में महिलाओं से संबंधित शिकायतें सुनने के लिए पहुंची थी। भाटिया ने कहा कि भाजपा सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। इसलिए महिला आयोग के दरवाजे हर पीड़िता के लिए खुले हैं। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि वह महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। यह मामला प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर गंभीर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बड़ौली पर बोली, नहीं आई कोई शिकायत-
आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली पर लगे दुष्कर्म के आरोपों पर अपना पक्ष रखा है। कहा कि अभी तक आयोग के पास मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर पीड़िता की सहेली आकर बयान दर्ज कराती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भाटिया ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आरोप साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
