कैथल में गाड़ी का भयानक एक्सीडेंट, हुई चकनाचूर!
कैथल में गाड़ी का भयानक एक्सीडेंट, हुई चकनाचूर!
हरियाणा में कैथल के गांव ग्योंग के पास एक कार सड़क पर जा रही गाय को बचाने के चक्कर में असंतुलित होकर पेड़ से टकरा कर और पलट गई। इस हादसे कार सवार युवक को काफी चोटें आई है, जिसे इलाज के लिए कैथल नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। कैथल निवासी कार सवार युवक पवन सैनी कुरुक्षेत्र जा रहा था। जैसे ही वह गांव ग्योंग के पास पहुंचा तो सामने से गाय आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में उसने जैसे ही गाड़ी को मोड़ा तो उसका संतुलन बिगड़ गया। कार पहले सड़क पर लगे बोर्ड से टकराई और उसके बाद लगातार दो पेड़ों से टकराकर पलट गई। इस हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि गाड़ी के एयरबैग खुल गए जिससे ड्राइवर की जान बच गई। वह अकेला ही गाड़ी में सवार था और अपने किसी कार्य से कुरुक्षेत्र जा रहा था। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से युवक को अस्पताल पहुंचाया। सदर थाना के एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुरुक्षेत्र रोड पर हादसा हुआ है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच घायल को अस्पताल भिजवाया। युवक के हाथ व बाजू में फ्रैक्चर आया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
