दिन में रैकी, रात को करते थे चोरी, गिरोह पकड़ा

दिन में रैकी, रात को करते थे चोरी, गिरोह पकड़ा

कैथल खबर, (12 मार्च ) कैथल में पुलिस ने चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी चोरी से पहले खेतों की रेकी करते थे और बाद में वहां से तार व अन्य सामान चोरी कर लेते थे। तीनों आरोपी सगे भाई हैं और फरल के रहने वाले हैं।

आरोपी चोरी की 57 वारदात कर चुके हैं। उनके कब्जे से लाखों रुपए का सामान व दो गाड़ियां बरामद हुई है।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के कार्यालय में मीडियो से बातचीत के दौरान बताया कि पिछले कुछ दिनों में खेतों से तार व अन्य सामान चोरी की वारदातें बढ़ रही थी। पुलिस ने इस मामले में एक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। तीनों सगे भाई हैं।

आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 2 गाड़ी, सबमर्सिबल मोटर का पंखा, सबमर्सिबल मोटर बाहर निकालने वाली चैन कूपी, 2 पाइप बैंड, करीब 70 किलोग्राम रबड़ व तांबा के तार, 12 टूटे हुए स्टार्टर, 5 छोटे सिलेंडर व अन्य कृषि सामान बरामद किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना पूंडरी, तितरम, सदर, कलायत व ढांड क्षेत्र अंतर्गत 57 चोरी की वारदातें सुलझी हैं। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि कैलरम निवासी संदीप की शिकायत के अनुसार, 9 मार्च की रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके खेत में कमरे का ताला तोड़कर स्टार्टर, 150 फुट तार, मोटर का पंखा, कुड़का मशीन व लोहे के पाइप चोरी कर लिए गए। मामले की जांच करते हुए 11 मार्च की शाम गांव फरल निवासी आरोपी राजपाल व सोनू को खुराना रोड कैथल से काबू किया गया।

दोनों आरोपियों का 12 मार्च को 3 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान वारदात में लिप्त फरल निवासी रोशन को भी काबू कर लिया गया। डीएसपी ने बताया कि तीनों आरोपी सगे भाई है। आरोपियों ने पूछताछ दौरान कबूला कि आरोपी सोनू व राजपाल अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2024 से ही चोरी की वारदातें करते रहे हैं। उनका भाई आरोपी सोनू उनके साथ जनवरी 2025 से चोरी की वारदातों में शामिल हुआ है। उनके गिरोह द्वारा जिला कैथल में 18 मामलों में 57 चोरी की वारदात की है। आरोपी राजपाल पहले कबाड़ी का काम करता था। उसने अपने भाइयों से कहा कि किसानों के खेतों में कीमती सामान होता है। जिसे बेचने पर मुनाफा कमाया जा सकता है। जिसके बाद तीनों खेतों से सामान चोरी करने लगे। आरोपी राजपाल व सोनू दिन के समय खेतों की रेकी करते थे तथा रात को सभी आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *