लूट की झूठी वारदात बताकर 1.09 लाख रुपये हड़पने के मामले में आरोपी काबू
पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी
कैथल खबर (29मार्च) : कैथल के गांव धनौरी में एक खल मिल की गाड़ी के ड्राइवर ने मिल के ग्राहक को खल भेजकर उसकी पेमेंट खुद हड़प ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रुपए लेने के बाद आरोपी ने मालिक व पुलिस को झूठी सूचना दे दी कि किसी ने उसकी आंखों में मिर्च डालकर रुपए छीन लिए। जांच की तो पता चला कि रुपए छीने नहीं गए, बल्कि ड्राइवर ने ही ये रुपए हड़प लिए। गांव धनौरी निवासी महाबीर सिंह की शिकायत अनुसार उनकी गांव में ही खल मिल है। मिल में एक पिकअप गाड़ी किराए पर लगी हुई है, जिस पर करीब 6 महीने से धर्मबीर ड्राइवर का काम करता है। धर्मबीर मिल में तैयार की गई खल को दूसरे जिलों में छोड़ कर आता है। 27 मार्च को धर्मबीर गाड़ी में खल लोड कर अंबाला गया था। वहां खल उतारने के बाद वह वापस आ रहा था। उसके पास मिल के 1.09 लाख रुपए थे। दोपहर के समय धर्मबीर ने मिल के मैनेजर दीपक को फोन किया कि कैथल वाटर पार्क के पास गाड़ी में आए 2 युवकों ने उसकी पिकअप गाड़ी को रुकवा लिया और उसकी आंखों में मिर्च डालकर नकदी छीन ली। उसे बाद में पता चला कि चालक ने यह झूठी कहानी बनाई थी और उनके रुपए स्वयं हड़प गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी गांव धनौरी निवासी धर्मबीर को काबू कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने पैसे हड़पने के लिए झूठी कहानी रची थी। आरोपी के कब्जे से हड़पे गए 1.09 लाख रुपए बरामद कर लिए गए। आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
