एटीएम कार्ड बदलकर ₹61 हजार की ठगी… आरोपी गिरफ्तार

चोरी व ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार शिकंजा कसते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ द्वारा एटीएम अभियान के तहत थाना शहर कैथल पुलिस ने एटीएम बदलकर 61 हजार रुपये की ठगी करने वाला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।  पुलिस प्रवक्ता ने बताया की गांव नन्दसिंह वाला निवासी रिंकु की शिकायत अनुसार  27 फरवरी को वह अपने निजी कार्य से कैथल शहर आया हुआ था। इसी दौरान उसे पैसों की जरूरत पड़ने पर वह रेलवे गेट से चंदाना गेट के बीच स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ पर पैसे निकालने पहुंचा। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह एटीएम बूथ में पैसे निकाल रहा था, तभी उसके पीछे-पीछे एक युवक भी बूथ के अंदर आ गया। शिकायतकर्ता द्वारा 20 हजार रुपये निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन मशीन से पैसे नहीं निकले। इसी दौरान युवक ने एटीएम कार्ड में दिक्कत होने की बात कहकर मदद करने का बहाना बनाया। कुछ ही देर में एक दूसरा युवक भी एटीएम बूथ में पहुंच गया। पहले युवक ने शिकायतकर्ता के हाथ से एटीएम कार्ड लेकर मशीन में लगाया और शिकायतकर्ता से पिन कोड डालने के लिए कहा। शिकायतकर्ता द्वारा पिन डालने पर मशीन से 10 हजार रुपये निकल गए। इसके बाद युवक ने दोबारा कार्ड मशीन में लगाया, लेकिन पैसे नहीं निकले। दोनों युवक शिकायतकर्ता को यह कहकर एटीएम कार्ड वापस देकर चले गए कि उसके कार्ड से अब पैसे नहीं निकलेंगे। कुछ देर बाद उसने दोबारा कार्ड मशीन में लगाया तो पिन गलत बताया गया। इसके बाद उसके मोबाइल फोन पर खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 61 हजार रुपये निकलने के मैसेज आए। उसको शक हुआ कि आरोपियों ने धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से रुपये निकाल लिए। जिस बारे थाना शहर में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई संजय की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव सुलचाणी जिला हांसी निवासी संदीप को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 2 हजार रूपये बरामद किए गए। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *