डीसी अपराजिता ने कहा कि शुक्रवार छह फरवरी को शिक्षा निदेशालय द्वारा आरकेएसडी कॉलेज कैथल में परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बच्चों से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में दिखाया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी अपराजिता ने वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहीं थीं। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम आरकेएसडी कॉलेज के सभागार में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा विभाग, बिजली विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और जन स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन स्थिति के लिए मेडिकल टीमें तैनात रखने को कहा गया है। इसी प्रकार उन्होंने पुलिस विभाग को कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीसी अपराजिता ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह इस मंच के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को सफलता के मंत्र देंगे। सभी विभाग एक टीम की तरह काम करें ताकि यह संवाद प्रेरणादायक सिद्ध हो। शिक्षा विभाग का भी यही लक्ष्य है कि बोर्ड परीक्षाओं से ठीक पहले विद्यार्थियों के मन से परीक्षा का डर निकालकर उनमें आत्मविश्वास भरा जाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करेंगे। इस अवसर पर एसपी उपासना, एडीसी सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, आरटीए गिरीश कुमार, एचएसवीपी के ईओ वकील अहमद, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष, डीआरओ चंद्रमोहन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *