डीसी ने ली राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक

डीसी अपराजिता ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े राजस्व कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित इंतकाल (म्यूटेशन) और जमाबंदी के मामलों को शीघ्र निपटाने के लिए खंड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। डीसी ने जिला राजस्व अधिकारी, सभी तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कैंप लगाकर लंबित मामलों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े कार्य सीधे तौर पर किसानों और आम नागरिकों से जुड़े होते हैं, इसलिए इन कार्यों में पारदर्शिता और तेजी बेहद जरूरी है। बैठक के दौरान उन्होंने सभी उपमंडल अधिकारियों (एसडीएम) को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि तय समय सीमा में सभी लंबित मामलों का समाधान हो। उन्होंने गिरदावरी कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा एग्रीस्टैक पंजीकरण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र से जुड़े आय सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया। डीसी अपराजिता ने अधिकारियों से कहा कि तहसील में आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करें और उन्हें पारदर्शी व सुगम सेवाएं प्रदान करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर कैथल के एसडीएम गुरविंदर सिंह, कलायत के एसडीएम अजय हुड्डा, गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी चंद्रमोहन सहित जिले के सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *