बुजुर्ग महिला से ई-रिक्शा में लूट, तीन आरोपी काबू

थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत एक बुजुर्ग महिला से ई-रिक्शा में लूट की गंभीर घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए त्वरित कार्रवाई दौरान एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ द्वारा तीन आरोपियों को काबू कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की गांव देवीगढ़ निवासी सुरेश कुमार की शिकायत अनुसार 5 जनवरी उसकी माता सोना देवी (उम्र लगभग 75 वर्ष) खेत-बाड़ा से अपने घर लौट रही थीं। जब वह गांव के सरकारी स्कूल के पास पहुंचीं तो एक अज्ञात व्यक्ति ई-रिक्शा लेकर आया और उन्हें घर छोड़ने का झांसा देकर ई-रिक्शा में बैठा लिया। करीब 200 मीटर आगे चलने के बाद रास्ते में दो अन्य युवक ई-रिक्शा में सवार हो गए। तीनों ने मिलकर बुजुर्ग महिला को इधर-उधर घुमाया और जब महिला ने उतरने की कोशिश की तो ई-रिक्शा नहीं रोका गया। इसी दौरान एक आरोपी ने महिला का मुंह दबा लिया, दूसरे ने टांग पकड़ ली और तीनों ने मिलकर उनके कानों की सोने की बालियां व गले का सोने का ओम छीन लिया। चाकू दिखाकर धमकाने के बाद आरोपियों ने महिला को कुतुबपुर रोड स्थित रेलवे फाटक के पास ई-रिक्शा से धक्का देकर नीचे फेंक दिया। जिस बारे थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया था। एसपी उपासना द्वारा एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ को जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर काबू करने के आदेश दिए गए थे। आदेशो पर खरा उतरते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एसआई जयभगवान की टीम द्वारा आरोपी सुभाष नगर कैथल निवासी रविंद्र, सीवन निवासी अजय व आशु को काबू कर लिया गया। पूछताछ दौरान खुलासा हुआ की आरोपियों ने उक्त लुटे गए सोने के आभूषण सीवन की एक प्राइवेट बैंक में जमा करवा दिए थे। बैंक को नोटिस दिया गया है, नियमानुसार कार्रवाई तहत आभूषण बरामद कर लिए जाएंगे। व्यापक पूछताछ के लिए सभी आरोपियों का अदालत से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *