कांवड़ यात्रा को लेकर कैथल पुलिस पूरी तरह से अलर्ट
कांवड़ यात्रा को लेकर कैथल पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। एसपी आस्था मोदी ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए पुख्ता पुलिस प्रबंधों के निर्देश दिए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि एसपी आस्था मोदी ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को कांवड़ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कांवड़ लेने जाने से पहले संबंधित थाने में अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर सहित पूरी जानकारी देने का आग्रह किया है। ऐसा करने से यात्रा के दौरान किसी भी समस्या के उत्पन्न होने पर संबंधित राज्य की पुलिस से समन्वय स्थापित कर समय पर समाधान किया जा सकेगा।
सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजामः-
जिले में 9 नाकों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, 17 राइडर भी गश्त पर रहेगी तथा 7 पेट्रोलिंग पार्टियां भी निर्धारित रूटों पर गश्त करेंगी। एसपी आस्था मोदी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। उन्होंने प्रमुख मार्गों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, कांवड़ यात्रा के दौरान भांग और नशा करने वाले और शोर मचाने वाले लोगों पर विशेष ध्यान रखने और यातायात बाधित न होने देने के संबंध में भी निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस का भ्रमण रहेगा। एसपी ने कहा कि यात्रा में किसी प्रकार का कोई हथियार, नुकीले भाले इत्यादी लेकर चलने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। अपना पहचान पत्र साथ लेकर जाए। ध्वनि प्रदूषण के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी किये निर्देशों की पालना करें।
सड़क से निर्धारित दूरी व बायीं तरफ लगाएं कांवड़ शिविरः
एसपी ने कहा कि कांवड़ शिविर में निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। शिविर का पंडाल सड़क से निर्धारित दूरी व सड़क हादसों से बचाव के लिए आते समय के बाई तरफ लगाया जाए। पार्किंग व्यवस्था भी सड़क से दूर होनी चाहिए। पंडाल पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था करें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था होने पर डायल 112 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है।
