लावारिस हालात में मिली महिला व बच्ची को परिजनों से मिलाया
2 अप्रैल की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच थाना सिविल लाइन के पीएसआई मंजीत सिंह की टीम को कंट्रोल रूम कैथल से सूचना मिली कि एक महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ सरकारी अस्पताल कैथल के पास लावारिस हालत में बैठी हुई है। सूचना मिलते ही पीएसआई मंजीत सिंह की टीम तुरंत सरकारी अस्पताल कैथल में पहुंची जहां एक महिला करीब 9 वर्षीय बच्ची के साथ बैठी मिली। पूछताछ करने पर महिला अपनी पहचान स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी। जिसने अपना नाम श्वेता बताया। लेकिन वह कभी वाराणसी और तो कभी कलायत की रहने वाली होने की बात कहती रही। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह अपने घर का सही पता बताने में असमर्थ थी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला और बच्ची की फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा की तथा साइबर सेल की मदद ली। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस का संर्पक महिला के जेठ से हुआ। जांच में पता चला कि महिला कलायत क्षेत्र की रहने वाली है जिसका नाम श्वेता जिसके पति की मृत्यु हो चुकी है। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपनी बच्ची के साथ घर से निकल गई थी। पुलिस ने आज महिला और बच्ची को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने परिजनों को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
