सगे भाई पर कातिलाना हमला करने के मामले में आरोपी काबू
वर्ष 2024 दौरान गांव हरिपुरा में अपने सगे भाई पर नाजायज असले से फायर कर जान से मारने की कोशिश करने के मामले में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हरिपुरा निवासी अजय की शिकायत अनुसार उसके भाई संजय उर्फ संजू के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के बाद संजय ने हाथापाई करते हुए अंदर से नाजायज असला निकाला और उसे मारने के इरादे से पीछा किया। शिकायतकर्ता ने जान बचाने के लिए एक खाली मकान की छत पर चढ़कर छिपने की कोशिश की, इस दौरान आरोपी ने गली से सीधे फायर किया। गोली दीवार में लगी और शिकायतकर्ता बाल-बाल बच गया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी एसआई रमेश चंद की अगुवाई में एएसआई अजीत सिंह की टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए गांव हरिपुरा निवासी आरोपी संजू को काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी संजू पर पहले से लूट, डकैती, फिरौती, कातिलाना हमला करने और अवैध असला रखने जैसे कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
