प्रशिक्षण के बाद नव चयनित पटवारियों की परीक्षा शुरू
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार जिला स्तर पर नव चयनित पटवारियों के प्रशिक्षण उपरांत कैथल आईटीआई में 15 से 20 जनवरी तक परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। डीसी अपराजिता के आदेशानुसार एसडीएम गुरविंद्र सिंह को ओवर ऑल इंचार्ज बनाया गया है। उन्होंने वीरवार को कैथल आईटीआई में चल रही परीक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन परीक्षाओं को नकल रहित, समुचित व सफल रूप से आयोजित करवाया जाए। जिला में 138 नव चयनित पटवारियों की परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। इन सभी पटवारियों का एक साल का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। पटवारी परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की गई, प्रातः कालीन सत्र 10 बजे से 1 बजे तक तथा सायं कालीन सत्र की परीक्षा 2 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित की गई। यह पटवारियों की लिखित परीक्षा 15, 16 व 17 जनवरी तक आयोजित होगी। इसके बाद 20 जनवरी को वाइवा का आयोजन होगा। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए डीआरओ चंद्र मोहन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। तहसीलदार कैथल रविंद्र हुड्डा को अधीक्षक तथा सीवन की नायब तहसीलदार कुमारी मीनू कौशिक को उप-अधीक्षक नियुक्त किया है।
