एक जून को चुना जाएगा जाट हाई स्कूल सोसायटी का प्रधान, शेडयूल जारी

12 व 13 मई को भरे जाएंगे नामांकन
-प्रधान पद के लिए 51 हजार, उपप्रधान, महासचिव व कोषाध्यक्ष पद के लिए 31 हजार तथा कार्यकारणी सदस्य पद के लिए 21 हजार रुपये होगी नामांकन फीस
कैथल खबर (27 मार्च) : एडीसी एवं जाट हाई स्कूल सोसायटी के प्रशासक दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि जाट हाई स्कूल सोसायटी की शासकीय निकाय (प्रधान, उपप्रधान, महासचिव, कोषाध्यक्ष तथा कार्यकारणी सदस्य) के चुनाव को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया गया है। आगामी एक जून को मतदान होना निर्धारित हुआ है।
उन्होंने बताया कि चुनावी प्रक्रिया के तहत आगामी नौ अप्रैल को कॉलेजियम सदस्यों की लिस्ट को समिति कार्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। इसके बाद 24 व 25 अप्रैल को आपत्तियां एवं एतराज प्राप्त किए जाएंगे, जिनकी जांच व निर्णय एक व दो मई को जाएगी। संशोधित मतदाता सूची को पांच मई को नोटिस बोर्ड पर लगाया जाएगा। इसके बाद 12 व 13 मई को नामांकन भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 14 व 15 मई को की जाएगी। इसके बाद 16 मई को सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। 19 मई को चुनाव चिन्ह दिए जाएंगे। इसके बाद एक जून को सुबह आठ बजे से शाम दो बजे तक जाट कॉलेज कैथल में मतदान होगा। उसी दिन शाम को परिणाम घोषित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नामांकन भरने के लिए सोसाइटी द्वारा जारी किया गया पहचान पत्र के अतिरिक्त दो फोटो युक्त सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है। प्रधान पद के लिए 51 हजार रुपये, उपप्रधान, महासचिव व कोषाध्यक्ष के लिए 31 हजार रुपये तथा कार्यकारणी सदस्य के पद के लिए 21 हजार रुपये नामांकन फीस होगी जोकि नॉन-रिफंडेबल होगी। नामांकन की फीस केवल डिमांड ड्राफ्ट या चैक द्वारा ही स्वीकार की जाएगी।
जाट हाई स्कूल सोसायटी के प्रशासक दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि चुनाव अधिकारी का निर्णय अंतिम होगा। मतदान के समय सोसाइटी द्वारा जारी किया गया पहचान पत्र व साथ में कोई भी सरकार द्वारा जारी किया गया पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोट कार्ड साथ लेकर जरूर आए। मतदाता सूची जाट हाई स्कूल सोसायटी की वेबसाइट jathighschoolsociety.com/ से भी डाउनलोड की जा सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *