ओटीपी लेकर क्रेडिट कार्ड से ठगी करने वाला तीसरा आरोपी काबू
जहां पर कैथल पुलिस द्वारा समय समय पर आमजन को साइबर अपराधो पर जागरूक किया जा रहा है, वहीं पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार साइबर अपराधियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसे ही ओटीपी पूछकर क्रेडिट कार्ड से हजारों रुपये निकालने के मामले में थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा एक आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सदर के एक निवासी व्यक्ति की शिकायत अनुसार 6 मार्च को दोपहर में किसी अनजान व्यक्ति का फोन उसके पास आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह बैंक से बोल रहा है। आरोपी ने उससे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाने की बात कही। स्वीकृति देने के कुछ देर बाद उसके पास मोबाइल पर ओटीपी आया। जिसे उसने आरोपी को बता दिया ओटीपी बताते ही उसके खाते से 95514 रुपये कट गए। जिस बारे थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। उक्त मामले में 2 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मामले की आगामी जांच थाना साइबर क्राइम में टीम इंचार्ज एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई जसबीर सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी दिल्ली के कापसहेड़ा निवासी मोनू कुमार को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मोनू कुमार इससे पूर्व किसी अन्य मामले में प्रयागराज यूपी जेल में बंद था, जिसकी उक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए माननीय न्यायालय की मार्फत प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। आरोपी उक्त साइबर ठगी में शामिल था। आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
