जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, 38 फील्ड ट्रेनर ले रहे भाग
हरियाणा राज्य में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कैथल में वीरवार को 3 दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसमें मास्टर ट्रेनरों द्वारा जनगणना 2027 के निर्धारित मानकों के अनुरूप विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसमें मकान सूचीकरण, परिवार विवरण, डिजिटल डेटा संकलन, मोबाइल एप के उपयोग तथा फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। डीसी अपराजिता ने अपने संदेश में कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके आधार पर सरकार की नीतियां और विकास योजनाएं निर्धारित होती हैं। सटीक प्रशिक्षण ही जनगणना की सफलता की कुंजी होता है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में फील्ड ट्रेनर की भूमिका बेहद अहम है, क्योंकि यही प्रशिक्षक आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिया जा रहा प्रशिक्षण जनगणना कार्य की सफलता के लिए सबसे महत्वपूर्ण साबित होगा। जितना बेहतर प्रशिक्षण फील्ड स्तर तक पहुंचेगा, जनगणना का कार्य उतना ही प्रभावी और त्रुटिरहित होगा। डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़े सभी कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक स्तर पर स्पष्ट दिशा-निर्देश और तकनीकी जानकारी उपलब्ध हो, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। जिला सांख्यिकी अधिकारी निर्मल ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक 30 दिनों की अवधि में किया जाएगा। इससे पूर्व 16 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिकों को ‘जनगणना पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे लोग स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात दूसरे चरण में फरवरी 2027 के दौरान जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर डीआरओ चंद्रमोहन, जिला सांख्यिकी अधिकारी निर्मल, मास्टर ट्रेनर प्रो. जसपाल मलिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
