अंडरऐज ई-रिक्शा चालकों पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई, 12 के काटे चालान
जिला में एसपी उपासना के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस अड्डा कैथल के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ई-रिक्शा चालकों की जांच की, जिसमें कई चालक निर्धारित आयु से कम पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 12 अंडरऐज ई-रिक्शा चालकों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए। ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को हिदायत दी कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस व निर्धारित आयु के वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। भविष्य में भी ऐसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों की पालना करें तथा अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
