गांव थेह मुकेरिया में 23 अप्रैल को होगा प्रशासन का रात्रि प्रवास कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से रात्रि प्रवास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 23 अप्रैल को गुहला ब्लॉक के गांव थेह मुकेरिया में रात्रि प्रवास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर की अध्यक्षता डीसी अपराजिता करेंगी। एडीसी सुशील कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम गांव की राजकीय प्राथमिक पाठशाला में आयोजित होगा। सभी विभाग अपने अपने स्टाल एवं प्रदर्शनी लगाएंगे। सभी विभागाध्यक्षों को शिविर में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। शिविर के दौरान ग्रामीणों की शिकायतों को सुना जाएगा और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। रात्रि ठहराव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है।
